दो आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश में जुटी पुलिस
लखनऊ। पीजीआई थाना क्षेत्र के हैवतमऊ मवैया इलाके में सोमवार देर शाम पुरानी रंजिश को लेकर तीन लोगों ने पड़ोस में रहने वाले एक युवक पर हमला करते हुए उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। मारपीट में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं बाद में घायल युवक के भाई ने तत्काल मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने घटना को अंजाम देने के आरोप में दिलीप और अजीत नाम के युवकों को हिरासत में ले लिया है। दोनों चाचा-भतीजे बताए जा रहे हैं।
यह था मामला
पीजीआइ के हैवतमऊ गांव मवैया निवासी आजाद अपने 25 वर्षीय भाई अर्जुन के साथ रहते है। वहीं पास के घर में आजाद की मां जावित्री देवी रहती है। आजाद ने बताया कि उनका भाई अर्जुन पीजीआई अस्पताल में संविदा कर्मचारी था। सोमवार देर शाम करीब साढ़े सात बजे अर्जुन अपनी मां के लिए खाना लेकर उनके घर गया था और वहीं से उसको अपनी ड्यूटी पर भी जाना था। बताया जा रहा है कि जैसे ही अर्जुन मां के घर से बाहर निकला तो इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले चचरे भाई व अन्य लोगों ने उसे घेर लिया और लोहे की रॉड व डंडों से हमला कर उसे मरणासन्न कर दिया। इसके बाद पीडि़त की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक सभी आरोपी वहां से भाग निकले। मामले की भनक लगते ही अर्जुन के परिजन भी वहां आ गए और लोगों की मदद से उसे सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक मृतक के भाई आजाद ने अपने चाचा व उनके बेटों समेत अन्य पर अर्जुन की हत्या का आरोप लगाया है। पुनिस ने तहरीर के आधार पर सिकन्दर, पिताम्बर, अयोध्या प्रसाद, चन्द्रिका प्रसाद, दिलीप, नेता, सुरेन्द्र, सुरेश कुमार , अजीत के खिलाफ केस दर्ज कर लिया और घटना के कुछ देर बाद ही आरोपी चचरे भाई पिताम्बर व दिलीप को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
मौत की सूचना पर परिजनों का रो रोकर बुरा हाल
अर्जुन की अस्पताल में मौत की खबर मिलते ही बुजुर्ग मां और भाइयों का बुरा हाल है, मां का कहना था कि अर्जुन के सहारे ही गृहस्थी चल रही थी। वहीं इसके साथ ही उन्होंने बताया कि आरोपियों और मृतक के बीच में जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इस विवाद के चलते पहले भी दोनों पक्षों में कई बार झगड़ा हो चुका है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें