यूपी में बढ़ेगा आयुष्मान भारत योजना का दायरा

लखनऊ। प्रदेश सरकार यूपी में प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (आयुष्मान भारत) का दायरा बढ़ाने पर विचार कर रही है। सोमवार को जिलाधिकारियों के साथ बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा था कि आयुष्मान भारत के गोल्डन कार्ड बनाने की प्रक्रिया में तेजी लायी जाये। यह प्रयास किया जाए कि आयुष्मान भारत योजना के प्रत्येक पात्र परिवार को गोल्डन कार्ड प्राप्त हो जाए। सभी डीएम इसकी नियमित समीक्षा और मॉनीटरिंग करें। 

आयुष्मान भारत योजना के लिए सूचीबद्ध अस्पतालों के भुगतान में विलम्ब नहीं होना चाहिए। सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि सरकार यूपी में आयुष्मान भारत का दायरा बढ़ाने पर गम्भीरता से विचार कर रही है। इसके लिए नेशनल फूड सिक्योरिटी एक्ट (एनएफएसए ) के आधार पर आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों के चयन पर विचार किया जा रहा है। इससे प्रदेश की आधी से अधिक आबादी को आयुष्मान भारत योजना के अन्तर्गत स्वास्थ्य बीमा कवर प्राप्त हो जाएगा। उन्होंने बताया कि नेशनल फूड सिक्योरिटी एक्ट को आयुष्मान भारत योजना के चयन का आधार बनाए जाने पर अन्त्योदय योजना और पात्र गृहस्थी योजना के लाभार्थी भी आयुष्मान भारत योजना के पात्र लाभार्थी हो जाएंगे। इससे प्रदेश में आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र लाभार्थी परिवारों की संख्या बढ़कर 3.58 करोड़ पहुंच जाएगी और योजना से लगभग 14 करोड़ लाभार्थी लाभ उठा सकेंगे। 

वर्तमान में आयुष्मान भारत योजना के अन्तर्गत लाभार्थी का चयन सामाजिक, आर्थिक, जातीय जनगणना-2011 के आधार पर किया जाता है। चयन के इस आधार पर प्रदेश के 1.18 करोड़ परिवार आयुष्मान भारत योजना के लिए पात्र हैं। इस योजना के तहत सरकार द्वारा गरीब परिवारों को पांच लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा कवर दिया जाता है। 


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें